नारनौलः डिजिटल इंडिया की नई छलांग, उपायुक्त ने लोगों से की भागीदारी की अपील

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः डिजिटल इंडिया की नई छलांग, उपायुक्त ने लोगों से की भागीदारी की अपील


पहली बार पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना, मोबाइल-लैपटॉप से खुद भर सकेंगे परिवार का विवरण

नारनाैल, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले में आगामी जनगणना 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन ने जिलावासियाें सेआह्वान किया है कि भारत सरकार द्वारा आयोजित इस बार की जनगणना बेहद खास और आधुनिक है, क्योंकि यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने शनिवार काे बताया कि इस पहल का सबसे महत्वपूर्ण पहलू ‘स्व-गणना’ है, जिसके तहत प्रत्येक नागरिक स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेगा। इससे न केवल प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच चलने वाले इस विशेष अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अब लोगों को अपने घर पर किसी प्रगणक का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि वे अपनी सुविधानुसार मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से जानकारी दर्ज कर सकते हैं। कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार इस डिजिटल प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। स्व-गणना न केवल सुरक्षित है, बल्कि इससे समय की भी बचत होती है। उन्होंने जिले के शिक्षित युवाओं, कर्मचारियों और जागरूक नागरिकों से विशेष रूप से आगे आने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि जिले के अधिकतर लोग स्व-गणना में भाग लेते हैं, तो जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सकता है। यह न केवल प्रशासन के लिए मददगार होगा, बल्कि देश के विकास की सही रूपरेखा तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी जानकारी पोर्टल पर अपलोड करे और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story