नारनौलः सटीक जनगणना ही विकास योजनाओं की मजबूत नींवः कंवर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः सटीक जनगणना ही विकास योजनाओं की मजबूत नींवः कंवर सिंह


युवाओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील

नारनाैल, 18 अप्रैल (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय महेंद्रगढ़ के खेल मैदान में शनिवार को जनगणना को लेकर एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंवर सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय महिला महाविद्यालय महेंद्रगढ़ के प्राचार्य प्रो महेंद्र सिंह और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो विजय यादव ने संयुक्त रूप से की।

विधायक कंवर सिंह यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सटीक और पारदर्शी जनगणना के जरिए ही सरकार को योजनाओं का निर्माण करने और संसाधनों का उचित वितरण करने में सहायता मिलती है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए स्वयं अपनी जनगणना सुनिश्चित करें और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं की भागीदारी से ही ऐसे महत्वपूर्ण अभियानों को सफलता मिल सकती है। विधायक ने खेल और शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेए ताकि देश के विकास को नई दिशा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान सहायक इंचार्ज ऑफिसर जनगणना राजेश शर्मा और दीपक कुमार शर्मा ने उपस्थित विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने जनगणना के महत्व, प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story