नारनाैल: अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए कैशलेस भुगतान व्यवस्था हाेगी: डा. आशा शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए कैशलेस भुगतान व्यवस्था हाेगी: डा. आशा शर्मा


नारनाैल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के सभी अस्पतालों में मरीजों की सुविधा के लिए कैशलेस भुगतान व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत अस्पतालों में मिलने वाली विभिन्न सेवाओं के शुल्क का भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से किया जा सकेगा। ओपीडी में पर्ची बनवाने के लिए घंटों कतार में खड़े रहने की परेशानी से भी मरीजों को राहत मिलेगी। इसके लिए मरीज पहले से अपना स्लॉट बुक करा सकेंगे। यह जानकारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा ने दी।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। नई व्यवस्था से अस्पतालों में भुगतान प्रक्रिया आसान होने के साथ-साथ कामकाज में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क क्यूआर कोड के जरिए जमा कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के लिए पंजीकरण की बुकिंग क्यूआर कोड और ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी। इसके लिए अस्पताल में अलग काउंटर भी स्थापित किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों में लगने से बचाना और पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाना है। इससे मरीजों के समय की बचत होगी और अस्पताल में भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

डॉ. आशा शर्मा ने बताया कि अस्पताल में 16 अक्टूबर से ओपीडी के समय में भी बदलाव किया जाएगा। अभी तक ओपीडी सुबह आठ बजे से दोपहर दाे बजे तक संचालित होती थी। अब ओपीडी सुबह नाै बजे से अपराह्न तीन बजे तक चलेगी। मरीजों को अस्पताल आने से पहले ओपीडी के नए समय का ध्यान रखने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें इलाज और पंजीकरण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story