नारनौल: छत से गिरकर कारपेंटर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपानारनौल, 30 अगस्त (हि.स.)। नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के गांव नियामतपुर में शनिवार देर रात छत से गिरने के कारण 39 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने घर की छत पर सो रहा था। गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, नियामतपुर निवासी धर्मवीर शनिवार रात घर की छत पर सो रहा था। देर रात अचानक वह छत से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए नांगल चौधरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए नारनौल के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। नारनौल पहुंचने पर चिकित्सकों ने धर्मवीर को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई कादरखान ने बताया कि धर्मवीर कारपेंटर का काम करता था और परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उन्होंने बताया कि छत के जिस हिस्से में धर्मवीर सो रहा था, वहां एक तरफ सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं बनी हुई थी। आशंका है कि नींद में करवट बदलते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गया। घटना की सूचना मिलने के बाद नांगल चौधरी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने नागरिक अस्पताल नारनौल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story