नारनाैल के स्कूल में 20 दिन से बस सेवा बंद, विद्यार्थी परेशान
नारनाैल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के निजामपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को घर से स्कूल लाने और छुट्टी के बाद वापस छोड़ने वाली बस सेवा पिछले करीब 20 दिनों से बंद है। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई है। कई विद्यार्थियों को रोजाना करीब पांच किलोमीटर तक पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से हरियाणा रोडवेज के अधिकारियों को पत्र लिखकर बस उपलब्ध करवाने की मांग की गई है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
विद्यालय की प्राचार्य बिंदु यादव ने शुक्रवार को बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक निजी बस मालिक ने किराये पर बस उपलब्ध करवाई हुई थी। अब बस मालिक ने विद्यार्थियों के लिए बस चलाने से मना कर दिया है। इसके बाद विद्यालय की ओर से हरियाणा रोडवेज नारनौल के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर बस की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
नारनौल रोडवेज के जीएम देवदत्त ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि वे मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई करेंगे। वहीं, नारनौल के एसडीएम गुरविंदर सिंह ने भी कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं है। वे रोडवेज जीएम और जिला शिक्षा अधिकारी से बातचीत करेंगे। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द बस की व्यवस्था करवाने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

