नारनौल में रोडवेज बस की टक्कर से दो गोवंशो की मौत, लोगों में रोष

WhatsApp Channel Join Now

नारनौल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। नारनौल में नई अनाज मंडी के पास तेज रफ्तार एक रोडवेज बस चालक ने सड़क किनारे खड़े दो गोवंशों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी हुई है वहीं लोगों में रोष बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात हुई घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और हादसे को लेकर रोष व्यक्त किया। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग नई अनाज मंडी के पास जमा हो गए। इससे वहां पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन गई। मंडी के दुकानदार नितेश अग्रवाल व एडवोकेट हितेश सहित लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद प्रशासन की मदद से जेसीबी मशीन बुलाकर दोनों मृत गोवंशों को सड़क से हटाया गया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी। सड़क से हटाने के बाद मौके पर मौजूद गोसेवकों ने धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार दोनों गोवंशों को मिट्टी दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story