महेंद्रगढ़ में फॉरेस्ट गार्ड की मौत पर बवाल, शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now


नारनौल, 04 नवंबर (हि.स.)।महेंद्रगढ़ में बुधवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 28 वर्षीय फॉरेस्ट गार्ड की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने हादसे को हत्या बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विरोध जताते हुए वे अस्पताल से शव को स्ट्रेचर पर रखकर कस्बे में ले आए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कनीना-मंडी टी-पॉइंट पर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मृतक की पहचान गांव कोका निवासी कालूराम के रूप में हुई है। वह वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर कार्यरत था। बुधवार को वह गुढ़ा-कोका रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उप-नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।

कालूराम की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने आशंका जताई कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है।

विरोध जताते हुए परिजन और ग्रामीण शव को स्ट्रेचर पर रखकर अस्पताल से कस्बे में ले आए। पुलिस ने कई बार स्ट्रेचर पकड़कर रोकने की कोशिश की, मगर परिजन नहीं माने।

इसके बाद उन्होंने कनीना-मंडी टी-पॉइंट पर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, लेकिन परिजन निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही। देर राततक इसे लेकर हंगामा चलता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772542 Articles

Share this story