नारनौल में मधुमक्खी पालक का मिला शव

WhatsApp Channel Join Now

नारनौल, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव भड़फ की बनी में रविवार देर शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही सदर कनीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उप नागरिक अस्पताल कनीना ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि भड़फ की बनी में एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बिहार निवासी सुमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुमन कुमार भड़फ क्षेत्र में मधुमक्खी पालन का कार्य करता था। उसने वहां मधुमक्खियों के कई छत्ते लगा रखे थे और लंबे समय से इसी कार्य से जुड़ा हुआ था। घटना के समय वह किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story