नारनाैल: हरियाणा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़, महिलाएं सुरक्षित: अर्चना गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: हरियाणा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़, महिलाएं सुरक्षित: अर्चना गुप्ता


भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने संगठन विस्तार, महिला सुरक्षा और विपक्ष पर रखी बेबाक राय

नारनाैल, 24 जून (हि.स.)। हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने बुधवार को महेंद्रगढ़ जिले का दौरा किया। जिला सीमा में प्रवेश करते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। बुचावास और भालखी टोल पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा भाजपा के समर्थन में नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद नारनौल स्थित सीएल फार्म हाउस में जिला स्तरीय स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित के मुद्दों पर पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।

पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा की कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ है और महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर और संवेदनशील हैं। उन्होंने पानीपत की एक हालिया घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अपहृत 12 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने महज तीन घंटे में सकुशल बरामद कर अपनी तत्परता साबित की है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर कार्य कर रही है।

महेंद्रगढ़ में एक महिला द्वारा लगाए गए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों के संबंध में पूछे गए सवाल पर अर्चना गुप्ता ने कहा कि पीड़िता उनसे मिली है और वह मामले पर तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। संगठनात्मक बदलावों पर उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश स्तर की नई टीम का गठन किया जाएगा, जबकि जिला अध्यक्षों के स्तर पर बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस का भाजपा से कोई मुकाबला नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story