महेंद्रगढ़ भाजपा में संगठन विस्तार, विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों की नियुक्ति
बूथ स्तर तक मजबूती के लिए नई टीम तैयार, जल्द होंगी बैठकों की शुरुआत
नारनाैल, 09 अप्रैल (हि.स.)। महेंद्रगढ़ में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव ने संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी और गतिशील बनाने के उद्देश्य से पार्टी के विभिन्न मोर्चों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। इस फैसले का मकसद पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक मजबूती से पहुंचाना है।
गुरुवार को भाजपा के मीडिया प्रभारी विकास अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान मोर्चा के लिए संदीप यादव, ओबीसी मोर्चा के लिए जेपी सैनी, युवा मोर्चा के लिए मनजीत यादव, एससी मोर्चा के लिए डॉ राकेश कुमार और महिला मोर्चा के लिए सरोजबाला शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव ने सभी नवनियुक्त प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने-अपने मोर्चों को और अधिक सशक्त बनाना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन है और इसी आधार पर पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने आगे बताया कि आने वाले दिनों में प्रत्येक मोर्चे की जिला स्तर पर कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संगठन की रणनीति, कार्ययोजना और जमीनी स्तर पर गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद मंडल स्तर पर भी बैठकों का आयोजन किया जाएगा, ताकि हर कार्यकर्ता तक स्पष्ट दिशा-निर्देश पहुंच सकें।
डॉ राव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जनता के बीच भाजपा की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी, जिससे आगामी चुनावों में भी पार्टी को मजबूती मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

