नारनौल में आठ जून को होगा भाजपा जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन
मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता करेंगे शुभारंभ, कार्यकर्ताओं में उत्साह
नारनाैल, 02 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नव निर्मित जिला कार्यालय का उद्घाटन आठ जून को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्तां द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे नूनी शेखपुरा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित होगा। उद्घाटन समारोह को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
मंगलवार को भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन समारोह में प्रदेश संगठन महामंत्री फणिन्द्रनाथ शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिलेभर के कार्यकर्ताओं की लंबे समय से इस कार्यालय की प्रतीक्षा थी, जो अब पूरी होने जा रही है। डॉ यतेंद्र राव ने बताया कि नया जिला कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और इसे संगठन की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। भवन निर्माण में पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी के उपयोग को विशेष प्राथमिकता दी गई है। कार्यालय परिसर में ऊर्जा दक्ष व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं, जिससे पर्यावरण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित होती है। उन्होंने बताया कि कार्यालय में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा आवासीय सुविधाएं, आधुनिक कॉन्फ्रेंस रूम, विशाल मीटिंग हॉल, लाइब्रेरी और कंप्यूटर कक्ष जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
डॉ यतेंद्र राव ने कहा कि यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मंदिर के समान है। यह जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता का अपना कार्यालय होगा, जहां संगठन से जुड़े सभी लोगों का सदैव स्वागत रहेगा। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं और जनता के बीच संवाद बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उद्घाटन समारोह को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

