नारनौल में विवाह से पहले निकाला डॉ. वर्षा का बनवारा, महिलाओं ने गाए मंगलगीत

WhatsApp Channel Join Now


नारनौल, 18 नवंबर (हि.स.)।

शहर की फ्रेंड्स कॉलोनी में मंगलवार रात को गोविंद राम गुप्ता के निवास पर उनकी बेटी डॉ. वर्षा गुप्ता के विवाह से पहले पारंपरिक बनवारा निकाला गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने हर्षोल्लास के साथ विवाह की पारंपरिक रस्में निभाईं। ढोल की थाप, लोकगीतों और मंगलगान से पूरा माहौल विवाह की खुशियों में रंगा नजर आया।बनवारे की रस्म में परिवार की महिलाओं, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत और मंगलगीत गाकर विवाह की खुशियां मनाईं। वहीं, ढोल की थाप पर महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य किया। इस दौरान परिवार की पुरानी विवाह परंपराओं और रीति-रिवाजों की झलक भी देखने को मिली।रस्म के दौरान डॉ. वर्षा गुप्ता को पारंपरिक रूप से सजाई गई घोड़ी पर बैठाया गया। परिवार की महिलाओं ने विवाह से जुड़े गीत गाकर रस्म को आगे बढ़ाया। घर में मौजूद रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने नवविवाहित जीवन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए परिवार को बधाई दी। आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।परिवार के अनुसार डॉ. वर्षा गुप्ता का विवाह 20 नवंबर को दिल्ली के नांगलोई निवासी देवेश गर्ग के साथ होना निर्धारित है। देवेश गर्ग दिल्ली नगर निगम में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। विवाह को लेकर परिवार में उत्सव का माहौल बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में विवाह से पहले बनवारा निकालने की परंपरा का विशेष महत्व है। इस रस्म में परिवार और रिश्तेदार एकत्रित होकर लोकगीतों, नृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह की खुशियां मनाते हैं। मंगलवार रात को आयोजित समारोह में भी इसी पारंपरिक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779001 Articles

Share this story