नारनौलः सिंघानिया विश्वविद्यालय में होगी एशियन पैरा थ्रोबॉल प्रतियोगिता, तैयारियां शुरू

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः सिंघानिया विश्वविद्यालय में होगी एशियन पैरा थ्रोबॉल प्रतियोगिता, तैयारियां शुरू


नारनाैल, 12 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के नारनौल से सटे राजस्थान के सिंघानिया विश्वविद्यालय में फरवरी 2027 में तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति एवं पूर्व आईएएस अधिकारी मनोज कुमार ने रविवार को नारनौल में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए फ्लैग मलेशिया से लाया जाएगा और आयोजन से पहले आवश्यक एमओयू भी साइन किया जाएगा। इस आयोजन से क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है। शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार की जानकारी देते हुए कुलपति ने बताया कि नारनौल से विश्वविद्यालय तक विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नए परिवहन रूट विकसित किए जा रहे हैं। इनमें चिड़ावा और भिवानी रूट भी शामिल हैं, जिससे छात्रों का आवागमन आसान होगा। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति और जनजाति के विद्यार्थियों को विशेष छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं, 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों की फीस पूरी तरह माफ की जाएगी।

इसके अलावा सेना, राज्य और केंद्र सरकार तथा पब्लिक सेक्टर के कर्मचारियों के बच्चों को भी छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना 2007 में हुई थी और 2008 में इसे राजस्थान सरकार से मान्यता मिली। इसके संस्थापक डीसी सिंघानिया रहे हैं। यूजीसी से जुड़े पीएचडी मामले पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में विश्वविद्यालय ने दिल्ली कोर्ट का रुख किया है और मामला फिलहाल विचाराधीन है। इसके अलावा नर्सिंग कोर्स शुरू करने के लिए भी आवेदन किया गया है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य सभी को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जहां आर्थिक स्थिति किसी भी छात्र की पढ़ाई में बाधा नहीं बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story