महेंद्रगढ़ में 17 सुनारों का 930 ग्राम सोना लेकर कारीगर फरार

WhatsApp Channel Join Now
महेंद्रगढ़ में 17 सुनारों का 930 ग्राम सोना लेकर कारीगर फरार


नारनाैल, 17 नवंबर (हि.स.)। महेंद्रगढ़। शहर के सर्राफा बाजार में 17 सुनारों का करीब 930 ग्राम 690 मिलीग्राम सोना लेकर एक कारीगर लापता हो गया। आरोपी की पहचान गांव नोताना निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। शिकायत के बाद शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार को पुलिस और स्वर्णकार संघ के सदस्यों ने आरोपी की दुकान व घर की तलाशी ली। इस दौरान दुकान से 553 ग्राम 700 मिलीग्राम सोना और 146 ग्राम चांदी बरामद हुई।

स्वर्णकार संघ के प्रधान लखीराम सोनी के अनुसार, सुनील कुमार पिछले करीब 10 साल से सर्राफा बाजार में सुनारों के लिए जेवर बनाने का काम कर रहा था। वह महेंद्रगढ़ की शिव कॉलोनी में रहता था और अलग-अलग सुनारों से सोना लेकर आभूषण तैयार करता था। आरोप है कि 13 नवंबर को वह सुनारों से लिया सोना लेकर कहीं चला गया।अगले दिन जब सुनारों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद उसकी दुकान और घर पर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शुरुआती शिकायत में 17 सुनारों का करीब 930 ग्राम 690 मिलीग्राम सोना गायब होने की जानकारी दी गई थी। बाद में अन्य स्वर्णकारों ने भी अपना सामान गायब होने की शिकायत की। फिलहाल कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मंगलवार को दुकान की तलाशी के दौरान 13 थैलियों में 553 ग्राम 700 मिलीग्राम सोना मिला। इसके अलावा 146 ग्राम चांदी भी बरामद हुई। इसमें पुरानी पाजेब, चुटकी, अंगूठियां और टूटा हुआ अन्य सामान शामिल है। संघ प्रधान का दावा है कि बरामद सामान गायब हुए माल का करीब आधा हिस्सा है। जांच अधिकारी राजबाला ने बताया कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उसके रिश्तेदारों और संपर्कों से पूछताछ के साथ उसकी लोकेशन भी ट्रेस की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story