नारनौल : अवैध खनन पर कार्रवाई, 414 वाहन जब्त, 2.84 करोड़ जुर्माना वसूला

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल : अवैध खनन पर कार्रवाई, 414 वाहन जब्त, 2.84 करोड़ जुर्माना वसूला


नारनौल, 18 नवंबर (हि.स.)।

जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए अप्रैल से अब तक 414 वाहनों को जब्त किया है। वहीं, 110 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभाग की ओर से इन मामलों में कुल दो करोड़ 84 लाख 32 हजार 822 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है। यह जानकारी बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में खनन विभाग के अधिकारियों ने दी। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अनुपमा अंजली ने की।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आंतरी-बिहारीपुर, नांगल कालिया, बायल और पांचनोता गांवों में जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध खनन के लिए बनाए गए रास्तों पर खाइयां खोदकर उन्हें बंद कराया गया है। इससे इन रास्तों के जरिए खनन गतिविधियों को रोकने का प्रयास किया गया है।अधिकारियों के अनुसार विशेष अभियान के दौरान बायल और बखरीजा में अवैध खनन में संलिप्त एक-एक जेसीबी मशीन जब्त की गई है। वहीं, गढ़ी गांव में अवैध खनन करते हुए दो पोकलेन मशीनों को कब्जे में लिया गया। खराणी गांव में एक ट्रैक्टर-लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। इसके अलावा नांगल कालिया के नदी क्षेत्र में साधारण रेत का अवैध खनन करने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया गया है।

बैठक में बताया गया कि आंतरी, बिहारीपुर और जैनपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में अवैध खनन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी व्यवस्था भी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story