नारनाैल: टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर 1.43 लाख ठगे, मध्य प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल: टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर 1.43 लाख ठगे, मध्य प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार


नारनाैल, 11 नवंबर (हि.स.)। टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन टास्क और निवेश पर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगी करने के मामले में नारनौल पुलिस ने बुधवार काे मध्य प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अन्य साइबर ठगों के साथ मिलकर महेंद्रगढ़ निवासी युवक से एक लाख 43 हजार 230 रुपये की ठगी की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 50 हजार रुपये सीधे आरोपी के एचडीएफसी बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के दतिया जिले के गांव सुनारी निवासी सतेंद्र सिंह रावत के रूप में हुई है।

डीएसपी डॉ. कविता ने बुधवार को बताया कि महेंद्रगढ़ निवासी राहुल कुमार ने साइबर क्राइम थाना नारनौल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उसके टेलीग्राम अकाउंट पर घर बैठे ऑनलाइन काम करके पैसे कमाने का संदेश आया था। इसके बाद उसे दूसरे टेलीग्राम अकाउंट के जरिए ऑनलाइन प्रोडक्ट मार्केटिंग का काम करने के लिए एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाया गया। शुरुआत में ऑनलाइन टास्क पूरा करने पर शिकायतकर्ता को 800 रुपये कमीशन दिया गया। इसके बाद ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे 10 हजार रुपये निवेश करवाए। कुछ समय बाद 17 हजार रुपये वापस कर दिए गए। इससे उसे निवेश प्रक्रिया पर भरोसा हो गया।

इसके बाद आरोपियों ने 50 हजार रुपये और निवेश करवाए, लेकिन इस बार रकम वापस नहीं की। पैसे मांगने पर अलग-अलग बहाने बनाकर उससे और राशि जमा करवाने का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता ने आरोपियों की ओर से बताई गई यूपीआई आईडी पर 50 हजार और 43 हजार 230 रुपये भी भेज दिए। इस तरह कुल एक लाख 43 हजार 230 रुपये की ठगी हुई। पुलिस ने बैंक खातों और लेनदेन की जांच के बाद आरोपी की पहचान की। पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों और ठगी की रकम से जुड़े लेनदेन की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story