नारनौल में कोर्ट से भगोड़ा घोषित आरोपी गिरफ्तार
नारनाैल, 21 नवंबर (हि.स.)। जिला पुलिस के पीओ स्टाफ ने कोर्ट से उद्घोषित गांव खैरोली निवासी हंसराज को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चेक बाउंस से जुड़े एनआई एक्ट के मामले में अदालत में सुनवाई चल रही थी। कई बार पेशी के बावजूद अदालत में उपस्थित नहीं होने पर उसे उद्घोषित व्यक्ति घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर पीओ स्टाफ ने यह कार्रवाई की।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पीओ स्टाफ प्रभारी रमेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। गांव खैरोली निवासी हंसराज के खिलाफ चेक बाउंस से संबंधित एनआई एक्ट का मामला महेंद्रगढ़ की अदालत में विचाराधीन था। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपी की पेशी सुनिश्चित करने के लिए उद्घोषणा जारी की थी।
पुलिस के अनुसार, अदालत की ओर से जारी उद्घोषणा की तामील 12 अगस्त को कराई गई थी। इसके बावजूद निर्धारित समय बीतने के बाद भी हंसराज अदालत में पेश नहीं हुआ। आरोपी के लगातार अनुपस्थित रहने पर अदालत ने इसे गंभीरता से लिया।
इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, महेंद्रगढ़ की अदालत ने 17 अक्टूबर को हंसराज को उद्घोषित व्यक्ति घोषित कर दिया। अदालत ने इस संबंध में थाना शहर महेंद्रगढ़ को आरोपी के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज करने के आदेश भी दिए थे।
अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। पीओ स्टाफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अदालत से उद्घोषित व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने वाले आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

