नारनाैल में चिट्टा व पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार, सप्लायर भी पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में चिट्टा व पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार, सप्लायर भी पकड़ा


चिट्टा, देसी पिस्टल और चार कारतूस बरामद, राजस्थान से सप्लायर गिरफ्तार

नारनाैल, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव खायरा में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ मंगलवार काे कार्रवाई करते हुए चिट्टा, एक देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ हर्ष नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चिट्टा सप्लाई करने वाले राजस्थान निवासी रामवीर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि 14 नवंबर को पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव खायरा निवासी हर्ष अपने घर से चिट्टा बेचने का काम करता है और उसके पास अवैध पिस्टल भी है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मकान की तलाशी की अनुमति ली और गांव में पहुंची। पुलिस टीम को हर्ष मकान की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में मिला। तलाशी लेने पर उसकी जेब से पारदर्शी पैकेट में छह ग्राम 16 मिलीग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके अलावा कमरे में रखे बेड के अंदर से एक देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस मिले। आरोपी हथियारों से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने नशीले पदार्थ और हथियारों को कब्जे में लेकर सील कर दिया।

इस मामले में 14 नवंबर को हर्ष को गिरफ्तार कर शहर थाना महेंद्रगढ़ में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

डीएसपी के अनुसार, 15 नवंबर को आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में हर्ष ने बताया कि उसने रामवीर से 21 हजार रुपये में 10 ग्राम चिट्टा खरीदा था। इसके बाद सीआईए टीम ने हर्ष की निशानदेही पर राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गांव घसेड़ा निवासी रामवीर को गिरफ्तार कर लिया। वह थाना बुहाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने रामवीर को भी अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story