नारनौल-रेवाड़ी होकर उदयपुर से दिल्ली के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल-रेवाड़ी होकर उदयपुर से दिल्ली के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन


रेवाड़ी-बीकानेर रेलसेवा भी बहाल

नारनाैल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए उदयपुर सिटी और दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का नारनौल और रेवाड़ी रेलवे स्टेशनों पर भी ठहराव होगा। इसके अलावा कनीना खास-महेंद्रगढ़ के बीच समपार फाटक पर आरयूबी निर्माण कार्य स्थगित होने के कारण रेवाड़ी-बीकानेर रेलसेवा को भी फिर से बहाल कर दिया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि ट्रेन नंबर 09617 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय रोहिल्ला स्पेशल 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को उदयपुर से रात 9:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:15 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 09618 दिल्ली सराय रोहिल्ला-उदयपुर सिटी स्पेशल 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 1:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह चार बजे उदयपुर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन का संचालन निर्धारित अवधि के दौरान किया जाएगा।

इस रेलसेवा का ठहराव मावली, चंदेरिया, भीलवाड़ा, बिजयनगर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, नीम का थाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर रहेगा। ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इसी के साथ, कनीना-महेंद्रगढ़ स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या 98 पर आरयूबी निर्माण कार्य स्थगित होने के कारण ट्रेन नंबर 54789 रेवाड़ी-बीकानेर एक्सप्रेस और 54790 बीकानेर-रेवाड़ी एक्सप्रेस को 15 से 17 अक्टूबर तक निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित किया जाएगा। इससे इस मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच के अध्यक्ष अशोक कटारिया ने कहा कि नारनौल-अटेली-निजामपुर क्षेत्र के लोग लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन का संचालन क्षेत्र के यात्रियों के लिए राहत भरा कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761188 Articles

Share this story