नारनाैल में 72.85 करोड़ की 141 विकास परियोजनाओं की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल में 72.85 करोड़ की 141 विकास परियोजनाओं की सौगात


उनिंदा में 15.87 करोड़ से बनेगा रेस्ट हाउस, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किया शिलान्यास

नारनाैल, 17 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को जिले के सिहमा और अटेली खंड में 72 करोड़ 85 लाख 62 हजार रुपये से अधिक लागत की 141 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें सबसे बड़ी परियोजना गांव उनिंदा में 15 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रेस्ट हाउस की है। स्वास्थ्य मंत्री ने नारियल फोड़कर इसका शिलान्यास किया। इसके अलावा सड़क, पेयजल पाइपलाइन, सिंचाई, स्वास्थ्य, पंचायत और खेल सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य भी शामिल हैं। उन्होंने गांव सैदपुर में भी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अटेली में रेस्ट हाउस बनाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखा था, जिसे उन्होंने तुरंत मंजूरी प्रदान कर दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार प्रत्येक गांव और ढाणी तक पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। यदि किसी गांव या ढाणी में पेयजल की कमी है तो इसकी जानकारी उन्हें दें, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की धरती ने देश की रक्षा के लिए सबसे अधिक शहादत दी है। वीर शहीदों के सम्मान में प्रदेश सरकार की ओर से नसीबपुर में शहीद स्मारक का निर्माण करवाया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, जिला परिषद चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story