नारनौलः भैंस को नहलाते समय बिगड़ी तबीयत, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now

गांव खेड़ा की घटना, पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा

नारनाैल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव खेड़ा में भैंस को नहलाते समय एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय बाबूलाल के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार बाबूलाल रोजमर्रा की तरह शुक्रवार को अपने घर पर भैंस को नहला रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें तुरंत संभाला और बिना देरी किए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में बाबूलाल की जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे चंद्रवीर ने बताया कि बाबूलाल पूरी तरह सामान्य थे और रोज की तरह अपने काम में लगे हुए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि अचानक इस तरह उनकी तबीयत बिगड़ जाएगी और उनकी जान चली जाएगी।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बाबूलाल की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने या हार्ट अटैक के कारण हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story