नारनौलः मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए 24 घंटे कटेंगे गेट पासः डॉ राजा शेखर वंडरु

WhatsApp Channel Join Now
नारनौलः मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए 24 घंटे कटेंगे गेट पासः डॉ राजा शेखर वंडरु


अतिरिक्त मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक, नारनौल व महेंद्रगढ़ मंडियों का किया निरीक्षण

नारनाैल, 04 अप्रैल (हि.स.)। रबी फसल खरीद को सुचारू और किसान हितैषी बनाने के लिए अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ राजा शेखर वंडरु ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मंडियों में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मंडियों में 24 घंटे गेट पास जारी करने के आदेश लागू किए गए हैं, ताकि किसानों को फसल लेकर आने पर अनावश्यक इंतजार का सामना न करना पड़े।

डॉ वंडरु शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिले में रबी फसल की खरीद, अब तक की आवक और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बैठक के बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव ने नारनौल और महेंद्रगढ़ की अनाज मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों और आढ़तियों से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडियों में पेयजल, बिजली, छाया और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने कहा कि फसल की खरीद के साथ-साथ उसका समय पर उठान और किसानों के बैंक खातों में भुगतान प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉ वंडरु ने कहा कि सरकार किसानों की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी अधिकारी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मंडियों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story