नारनाैल से गुजरने वाली 47 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे 137 अतिरिक्त डिब्बे

WhatsApp Channel Join Now
नारनाैल से गुजरने वाली 47 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे 137 अतिरिक्त डिब्बे


नारनाैल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नवंबर में 47 जोड़ी रेलसेवाओं में 137 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाने का निर्णय लिया है। इससे नारनौल सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अधिक बर्थ उपलब्ध होंगी और सफर के दौरान भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने वातानुकूलित, शयनयान और साधारण श्रेणी के डिब्बों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बुधवार को बताया कि विभिन्न रेलसेवाओं में यात्रीभार को देखते हुए अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की जा रही है। इनमें मदार-रेवाड़ी, रेवाड़ी-फुलेरा और हिसार-जयपुर रेलसेवाएं भी शामिल हैं। ये ट्रेनें क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण हैं। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 19617/19618 मदार-रेवाड़ी-मदार रेलसेवा में एक से 30 नवंबर तक द्वितीय साधारण श्रेणी के पांच अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 19620/19619 रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी रेलसेवा में भी एक से 30 नवंबर तक साधारण श्रेणी के पांच अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 19622/19621 रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी रेलसेवा में एक से 30 नवंबर तक साधारण श्रेणी के पांच अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। इससे इस रेलखंड पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त जगह उपलब्ध हो सकेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 14715/14716 हिसार-जयपुर-हिसार रेलसेवा में एक से 30 नवंबर तक चार अतिरिक्त साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। जयपुर से चलने वाली इस ट्रेन में एक से तीन दिसंबर तक भी अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था रहेगी। रेलवे के इस फैसले से त्योहारी सीजन में यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अतिरिक्त डिब्बे लगने से ट्रेनों में उपलब्ध सीटों और बर्थ की संख्या बढ़ेगी तथा यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768210 Articles

Share this story