नारनौल को मिले 13 नए विशेषज्ञ चिकित्सक

WhatsApp Channel Join Now
नारनौल को मिले 13 नए विशेषज्ञ चिकित्सक


नारनाैल, 30 अप्रैल (हि.स.)। महेंद्रगढ़ जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 13 नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इन चिकित्सकों के शामिल होने से अब जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुल संख्या बढ़कर 58 हो गई है, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार काे बताया कि सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

नियुक्त किए गए 13 विशेषज्ञ डॉक्टरों में से छह को कनीना, दो को महेंद्रगढ़ और पांच को नारनौल में तैनात किया गया है। इनकी तैनाती से संबंधित क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे मरीजों को अब सामान्य बीमारियों से लेकर जटिल रोगों तक के इलाज के लिए बड़े शहरों या अन्य जिलों में जाने की जरूरत कम होगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विशेषज्ञों की संख्या में इस बढ़ोतरी से जिला नागरिक अस्पताल सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ अब विशेषज्ञ परामर्श भी स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगा, जिससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार भविष्य में भी स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए ऐसे कदम उठाती रहेगी। नए डॉक्टरों की नियुक्ति से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी, बल्कि जिले के लोगों को समय पर उपचार मिलने से गंभीर बीमारियों के मामलों में भी कमी आने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story