एनआईटी कुरूक्षेत्र में छात्र आत्महत्याओं पर मानवाअधिकार आयोग सख्त

WhatsApp Channel Join Now

-हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने प्रबंधन व जिला प्रशासन से मांगी रिपोर्ट

-हरियाणा मानवाधिकार ने हॉस्टल खाली कराने के आदेश पर जताई नाराजगी

चंडीगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र में छात्र आत्महत्या और प्रयास की घटनाओं पर स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने एनआईटी निदेशक, कुरुक्षेत्र उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट तलब की है। 19 मई को सुनवाई से पहले आयोग के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कुरुक्षेत्र हॉस्टल में छात्रों के बढ़ते आत्महत्या मामले में हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने नाराजगी जताई है। आयोग ने स्पष्ट किया कि यह केवल व्यक्तिगत घटनाएं नहीं, बल्कि संस्थागत जिम्मेदारी और मानसिक स्वास्थ्य तंत्र की बड़ी विफलता है। हॉस्टल खाली कराने पर भी आयोग ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एनआईटी प्रशासन, जिला उपायुक्त और एसपी को फटकार लगाई है।

एनआईटी में पिछले चार माह में चार माह में चार छात्रों ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें से तीन की मौत हो गई। यह घटनाएं लगातार घटित हो रही हैं, लेकिन एनआईटी प्रशासन के साथ जिला प्रशासन भी मौन है। पिछले सप्ताह एनआईटी हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से एक छात्रा ने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया, हालांकि उसे समय रहते बचा लिया गया। इसके साथ ही 16 अप्रैल को एक द्वितीय वर्ष के छात्र का शव उसके हॉस्टल कक्ष में मिलया और इससे पहले फरवरी और मार्च माह भी दो छात्रों की मृत्यु की घटनाएं सामने आई। इन घटनाओं के विरोध में छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा, सदस्य कुलदीप जैन और दीप भाटिया ने इन घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। आयोग ने माना कि शैक्षणिक संस्थानों का दायित्व केवल शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक कल्याण को सुनिश्चित करना भी है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति प्रथम दृष्टया इन दायित्वों के निर्वहन में कमी को दर्शाती है, जो संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार, जिसमें गरिमा एवं मानसिक स्वास्थ्य शामिल हैं, के विपरीत है। आयोग के असिस्टेंट रजिस्ट्रार डॉ. पुनीत अरोड़ा ने बताया कि संबंधित मामले में 19 मई को सुनवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story