कैथल: प्रशासन के रात्रि प्रवास में पेयजल परियोजना सहित कई समस्याओं के समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: प्रशासन के रात्रि प्रवास में पेयजल परियोजना सहित कई समस्याओं के समाधान के निर्देश


कैथल: प्रशासन के रात्रि प्रवास में पेयजल परियोजना सहित कई समस्याओं के समाधान के निर्देश


कैथल, 12 जून (हि.स.)। उपायुक्त अपराजिता ने गुरुवार की रात को गांव दिल्लोंवाली में आयोजित रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने दिल्लोंवाली सहित आसपास के 10 गांवों के लिए चल रही नहरी पानी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के आदेश दिए, ताकि क्षेत्र में पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो सके।

कार्यक्रम की शुरुआत में डीसी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद सरपंच सोनिया देवी ने गांव की प्रमुख समस्याएं रखते हुए तालाब के पानी की निकासी व सौंदर्यीकरण, आरओ प्लांट की स्थापना, बिजली के पुराने तार बदलने और सूखा-गीला कचरा उठाने के लिए वाहन उपलब्ध कराने की मांग की। डीसी ने इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने नीलगाय और आवारा कुत्तों से फसलों को हो रहे नुकसान, गांव में ही पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों से निजी बसों में पूरा किराया वसूलने और गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति न होने की समस्याएं भी उठाईं। डीसी ने वन विभाग, समाज कल्याण विभाग, आरटीए और डीएफएससी को इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

सरकारी स्कूलों में चौकीदार की कमी को लेकर डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी को विभाग मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने के लिए कहा। इसके अलावा बिजली, पेयजल, विवाह शगुन योजना सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान कर रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। डीसी अपराजिता ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और वे प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने लिंगानुपात में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर ‘प्यारी बेटी’ योजना के तहत गांव की बेटी अंजली को सम्मानित किया गया, जिसने नेशनल यूथ फेस्टिवल में राज्य स्तर पर प्रथम और राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस व स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को नशामुक्ति और बेटियों की सुरक्षा के लिए शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में एसपी मनप्रीत सिंह, एडीसी सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story