एनएचएम कर्मचारियों को अब हर माह सात तारीख को मिलेगा वेतन

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 28 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को अब समय पर वेतन मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में सख्त रुख अपनाया है। एनएचएम ने एचकेआरएन, एनएचएम कान्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन हर महीने सात तारीख तक अनिवार्य रूप से जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए फंड की उपलब्धता से लेकर बिलों की प्रोसेसिंग और भुगतान की स्थिति की रिपोर्टिंग तक की समयसीमा तय कर दी गई है।

एनएचएम की ओर से जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि पहले भी समय पर वेतन जारी करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी हो रही है। इसका प्रमुख कारण बिलों को देर से जमा करना और उनकी प्रोसेसिंग में देरी सामने आई है। इसी को देखते हुए अधिकारियों को पुराने निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आदेश के मुताबिक डायरेक्टर फाइनेंस एंड अकाउंट्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रत्येक जिले में हर महीने 25 तारीख तक पर्याप्त फंड उपलब्ध हो। साथ ही मिशन निदेशक, एनएचएम को फंड की स्थिति से अवगत कराना होगा। वहीं डायरेक्टर एडमिन, डीडीओ और डीडी बिल शाखा को एचकेआरएनएल व एनएचएम कॉन्ट्रैक्ट और आउटसोर्स कर्मचारियों से संबंधित वेतन बिल समय पर जमा कराने और उनकी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। हर महीने सात तारीख तक वेतन जारी होने के बाद आठ तारीख तक इसकी स्थिति मिशन निदेशक को बतानी होगी। इसके लिए डायरेक्टर फाइनेंस एंड अकाउंट्स और स्टेट फाइनेंस मैनेजर जिम्मेदार होंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयसीमा के बाद होने वाली किसी भी देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story