एनएचएम कर्मचारी ऑनलाइन कर सकेंगे छुट्टी का आवेदन
चंडीगढ़, 05 मई (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) हरियाणा के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन प्रणाली शुरू करने का ऐलान किया है। इससे कर्मचारियों को अवकाश लेने में आने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी।उन्होंने बताया कि यह नई प्रणाली विभिन्न प्रकार के एनएचएम कर्मचारियों के अवकाश के लिए आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से विकसित की गई है। एनएचएम के प्रवक्ता ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से कर्मचारी अब कैजुअल लीव, एक्स्ट्राऑर्डिनरी लीव, मैटरनिटी लीव के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही विदेश यात्रा के लिए एनओसी का अनुरोध भी कर सकते हैं। पोर्टल में तिथि चयन करने की सुविधा को सरल और अनुकूल बनाया गया है, जिससे आवेदन में स्पष्टता और सटीकता बनी रहती है।एक्स्ट्राऑर्डिनरी लीव के मामलों में कर्मचारियों को आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे, जिससे सक्षम अधिकारी आवेदन का गहन मूल्यांकन कर सकें और उचित निर्णय ले सकें। आवेदन करने के बाद संबंधित रिपोर्टिंग, रिव्यूइंग और अप्रूविंग अथॉरिटी को एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। वहीं, अवकाश स्वीकृत या अस्वीकृत होने पर कर्मचारी को भी एसएमएस के जरिए सूचना मिल जाएगी। आने वाले दिनों में इस सिस्टम को और सशक्त बनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

