केवल भाजपा ही है सर्वहितैषी पार्टी : अजय खुंडिया

WhatsApp Channel Join Now
केवल भाजपा ही है सर्वहितैषी पार्टी : अजय खुंडिया


नूंह, 03 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय खुंडिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्वहितैषी पार्टी है, जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। भाजपा की सरकार में किसी भी वर्ग या जाति के साथ भेदभाव नहीं किया जाता, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

खुंडिया गुरुवार को अपने प्रदेश स्तरीय प्रवास कार्यक्रम के तहत नूंह स्थित भाजपा जिला कार्यालय झिर कमल पहुंचे थे। उनके स्वागत एवं सम्मान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने की। नूंह पहुंचने पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष वीर सिंह मामलिका, जिला उपाध्यक्ष मास्टर गंगा दान डागर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं एवं गुलदस्ते भेंट कर उनका स्वागत किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजय खुँडया ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद देश निरंतर समृद्धि और विकास की ओर बढ़ रहा है। विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने भाजपा शासनकाल में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार द्वारा समाज के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। डिजिटल बैंकिंग, विवाह शगुन योजना, हर घर शौचालय, हर घर नल, विशेष अनुदान और ऋण योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सोच के कारण समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर सबका विकास करने के लिए कार्य कर रही है। इसी का परिणाम है कि देश विकासशील से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नूंह पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष अजय खुँडया का स्वागत करते हुए कहा कि उनके प्रवास से अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश तंवर, प्रदेश सचिव अंजू बाला भादस, जिला सचिव लाजपत राय एडवोकेट, जिला महामंत्री हेमराज शर्मा व रमेश कुमार, जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी, दीपक सीकरी, गोपाल पटेल, अंजू रानी, टेक चंद गौहर, हरी राम मामलिका, प्रीतम सिंह सरपंच सहित बड़ी संख्या में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story