पानीपत: नवजात शिशु को मरने के लिए पॉलिथीन में बांधकर सड़क किनारे फेंका
पानीपत, 03 अगस्त (हि.स.)। पानीपत में सोमवार को महज दो से तीन घंटे पहले जन्मे एक मासूम नवजात शिशु को कथित मां ने पैदा होते ही एक प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़ दिया और फरार हो गई।
बच्चे की रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने समय रहते बच्चे को कट्टे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां सीडीडब्ल्यूसी की निगरानी में उसका इलाज जारी है। शिव नगर की गली नंबर पांच में रहने वाले यॉर्न कारोबारी अक्षय जिंदल ने बताया कि सोमवार को उनकी माता सुधा जिंदल घर के बाहर दैनिक साफ-सफाई कर रही थीं। उसी दौरान उनकी नजर पड़ोस के मकान के सामने गली में पड़े एक प्लास्टिक के कट्टे पर पड़ी। सुधा जिंदल ने देखा कि बंद कट्टे के अंदर हलचल और बच्चे के रोने की आवाज आ रही है।
किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उन्होंने तुरंत अपने बेटे अक्षय को घर के भीतर से आवाज देकर बाहर बुलाया। शोर सुनकर आसपास के स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बेहद सावधानीपूर्वक जब उस प्लास्टिक के कट्टे की गांठ को खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। कट्टे के अंदर एक नवजात शिशु बंद था। बच्चे की शारीरिक स्थिति को देखकर साफ प्रतीत हो रहा था कि उसका जन्म महज दो से तीन घंटे पहले ही हुआ है, क्योंकि उसके पेट से ओरनाल भी अलग नहीं की गई थी और वह उसी स्थिति में तड़प रहा था।
कलयुगी मां ने जन्म देते ही उसे प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर इस नीयत से फेंक दिया था कि दम घुटकर उसकी मौत हो जाए।
मासूम को इस बदहाल स्थिति में देख लोगों ने बिना समय गंवाए पुलिस को सूचित किया और बच्चे को तुरंत सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। इसके कुछ ही देर बाद बाल संरक्षण हेतु गठित बाल कल्याण समिति की टीम भी मौके पर पहुंची।
निजी अस्पताल में प्राथमिक जांच व स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए सीडीडब्ल्यूसी और पुलिस की मौजूदगी में सभी आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद नवजात को एम्बुलेंस के जरिए तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस ने माता-पिता की पहचान के लिए शिव नगर गली नंबर पांच और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि सुबह के वक्त कट्टा फेंककर जाने वाले संदिग्ध की पहचान की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

