यमुनानगर: नववर्ष पर बच्चों के लिए नई सोच और संकल्प का संदेश
यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में जिला बाल कल्याण समिति द्वारा बाल देखरेख संस्थान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई, जिसमें बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सकारात्मक जीवन मूल्यों की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नववर्ष के महत्व और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया।
बालकुंज के इंचार्ज सुखमिंदर सिंह ने वर्ष 2026 के लिए प्रस्तावित गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के प्रति प्रेरित किया। समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार रोहिल्ला ने कहा कि नववर्ष केवल समय परिवर्तन का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह आत्मचिंतन और नई दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी है। उन्होंने बच्चों को पुराने अनुभवों से सीख लेकर जीवन में आगे बढ़ने और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। समिति सदस्य सुशील गुलाटी ने कहा कि किसी भी संकल्प को लेने से पहले आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति आवश्यक है।
उन्होंने बच्चों को छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें पूरा करने की आदत विकसित करने की सलाह दी। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य सदस्यों ने भी बच्चों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को प्राथमिकता देने पर बल दिया। अधिकारियों ने बताया कि मिशन वात्सल्य के तहत बच्चों के समग्र विकास और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नववर्ष को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ मनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

