यमुनानगर बस अड्डे पर यात्रियाें की सुख-समृद्धि के लिए हवन

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर बस अड्डे पर यात्रियाें की सुख-समृद्धि के लिए हवन


यमुनानगर, 01 जनवरी (हि.स.)। अंग्रेजी नव वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी कर्मचारी प्रकोष्ठ एवं हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ, यमुनानगर द्वारा बस स्टैंड परिसर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। हवन के माध्यम से बस यात्रियों एवं प्रदेशवासियों के लिए मंगल कामना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नव वर्ष केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन का समय भी है। हमें पूरे वर्ष अपनी बुराइयों पर नजर रखकर नव वर्ष पर उन्हें त्यागने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि नव वर्ष नई ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए। भाजपा कर्मचारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रोशन लाल शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल सभी कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा कर्मचारियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कैशलेस मेडिकल सुविधा प्रदान कर बड़ी राहत दी गई है। हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक संजय रावल ने कहा कि सभी कर्मचारी एवं अधिकारी अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ यमुनानगर डिपो के प्रधान संजीव काम्बोज एवं अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर रोडवेज के कर्मचारी एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story