कई सरकारी कालेजों में शुरू हुए नए कोर्स, सीटें भी बढ़ी
चंडीगढ़, 20 जून (हि.स.)। हरियाणा में कई सरकारी कालेजों में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में नए कोर्स शुरू किए गए हैं। कई जगह सीटें बढ़ाई गई हैं तो कई महाविद्यालयों में पुराने कोर्स को बदलते हुए नए कोर्स शुरू किए गए हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों की सूची जारी कर दी, जिनमें नए कोर्स शुरू किए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय में अगर किसी कोर्स में विद्यार्थियों की संख्या 20 से कम रह जाती है तो उस पाठ्यक्रम को बंद कर दिया जाएगा। पंचकूला के सेक्टर एक स्थित राजकीय महाविद्यालय में छात्र अब इंग्लिश, भूगोल और मनोविज्ञान में बीए आनर्स तथा फिजिक्स में बीएससी आनर्स कर सकेंगे। प्रत्येक विषय के लिए 80-80 सीटें निर्धारित की गई हैं।
भिवानी जिले में लोहारू के राजकीय महाविद्यालय में 40 सीटों के साथ एमएससी रसायन विज्ञान और बहल में 40 सीटों के साथ एमएससी गणित शुरू की गई है।
झज्जर के गांव दुबलधन में स्थित कालेज में बीएससी भौतिक विज्ञान और बादली में रिमोट सेंसिंग एंड जीआइएस कोर्स किया जा सकेगा। दोनों जगह 40-40 सीटें रखी गई हैं। गोहाना स्थित कालेज में 40-40 सीटों के साथ पीजीडीसीए और एमएससी रसायन विज्ञान शुरू की गई है। करनाल के पाढा स्थित कालेज में संस्कृत और सोनीपत के खरखौदा स्थित सावित्री बाई फुले राजकीय महिला महाविद्यालय में मनोविज्ञान विषय के साथ छात्र स्नातक कर सकेंगे। इसके अलावा विभिन्न जिलों के 19 कालेजों में पुराने कोर्स को बदलते हुए नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। सरकार की मंजूरी के बाद अब सभी कालेजों को नए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए अपने स्तर पर संबंधित विश्वविद्यालयों से अनुमति लेनी होगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

