पानीपत: भतीजे ने की चाचा की पत्थर से कुचलकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: भतीजे ने की चाचा की पत्थर से कुचलकर हत्या


पानीपत, 01 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के गांव खोतपुरा में पुरानी रंजिश के चलते भतीजे ने अपने ही चाचा काे पीट पीटकर माैत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया।

घटना की पूरी वारदात पड़ोस के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपी भतीजे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

थाना सेक्टर 13-17 पुलिस को दी गई शिकायत में गांव खोतपुरा स्थित डेरा मन्चुरी की रहने वाली कविता ने बताया कि मंगलवार रात उसका पति सुशील कुमार गली से होते हुए अपने घर लौट रहा था। जब सुशील गली में भानीराम के मकान के पास पहुंचा तो वहीं घात लगाए बैठे उनके भतीजे अभिषेक ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपी अभिषेक ने आते ही अपने चाचा सुशील के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी। जब उनका पति बेेदम हो कर जमीन पर गिर गया तो भतीजे अभिषेक ने गली में रखी भारी भरकम पत्थर की ओखली से जमीन पर गिरे हुए अपने चाचा के मुंह व सिर पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

सर पर पत्थर की भारी चोट लगने से सुशील का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। मृतक की पत्नी कविता ने पुलिस को बताया कि आरोपी भतीजा अभिषेक उसके पति से पुरानी रंजिश रखता था। इससे पहले भी अभिषेक ने अपने चाचा सुशील के साथ झगड़ा और गाली-गलौज की थी। उस समय पीड़ित परिवार ने आरोपी की हरकतों से तंग आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद से ही आरोपी अभिषेक अपने चाचा से बुरी तरह खार खाए बैठा था। और बदला लेने की फिराक में था। इसी रंजिश के चलते उसने मंगलवार रात इस खूनी वारदात को अंजाम दे डाला। इस हत्याकांड से पूरे गांव और डेरे में सनसनी फैल गई है। वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर 13-17 थाना पुलिस और फॉरेंसिक की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story