यमुनानगर:नीट की पुन:परीक्षा में अभ्यर्थियों ने फिजिक्स को बताया चुनौतीपूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:नीट की पुन:परीक्षा में अभ्यर्थियों ने फिजिक्स को बताया चुनौतीपूर्ण


जिले में 217 विद्यार्थियों ने नहीं दी परीक्षा

यमुनानगर, 21 जून (हि.स.) यमुनानगर में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) री-एग्जाम शांतिपूर्ण वातावरण और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हो गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को समग्र रूप से मध्यम से कठिन श्रेणी का बताया। अधिकांश परीक्षार्थियों का मानना था कि भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान खंड अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण रहे, जबकि जीव विज्ञान के प्रश्न अधिक सहज थे। जिला प्रशासन द्वारा 1736 परीक्षार्थियों के लिए छह परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 1546 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 217 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा दोपहर 2 बजे आरंभ हुई और निर्धारित समयानुसार शाम 5:15 बजे संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के बाहर आने की प्रतीक्षा करते दिखाई दिए। व्यासपुर की अभ्यर्थी साक्षी ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित था, लेकिन भौतिक विज्ञान के कुछ प्रश्नों ने अतिरिक्त समय और विश्लेषण की मांग की। उनके अनुसार लगभग 10 से 15 प्रश्न ऐसे थे, जिनमें उत्तर तय करने से पहले गहन विचार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जीव विज्ञान खंड अपेक्षाकृत सरल रहा और उन्हें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

एक अन्य अभ्यर्थी रंजना ने कहा कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य से थोड़ा ऊंचा था, हालांकि जीव विज्ञान के अधिकांश प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम पर आधारित थे। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला प्रयास था और लंबे समय से की गई तैयारी का लाभ परीक्षा में मिला। परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल और अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि एडीसी नवीन आहूजा द्वारा प्रशासनिक तैयारियों को संतोषजनक बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story