हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय बनाएगा ‘नशा मुक्त भारत’ के संकल्प को जनांदोलन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर दो अगस्त से शुरू होगा 100 सप्ताह
का विशेष अभियान
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश
हिसार, 01 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में
दो अगस्त से प्रारंभ होने वाले ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ को प्रभावी एवं जनभागीदारी
आधारित बनाने के उद्देश्य से यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में कुलपति कार्यालय के समिति कक्ष में
शनिवार को आयोजित बैठक में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अभियान की तैयारियों की
समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसे केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर युवा जागरूकता
का सशक्त जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
बैठक में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि अभियान का शुभारंभ दो
अगस्त को प्रातः 9:30 बजे विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार स्थित सेमिनार
हॉल-1 में होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण
किया जाएगा, जिसे विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, खिलाड़ी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस)
एवं यूथ रेड क्रॉस के स्वयंसेवक सामूहिक रूप से देखेंगे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी
नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ भी ग्रहण करेंगे। कुलपति ने अधिकारियों एवं समन्वयकों को निर्देश दिए कि अभियान को एक दिन तक
सीमित न रखकर आगामी 100 सप्ताह तक निरंतर चलने वाले सामाजिक जागरूकता अभियान के रूप
में संचालित किया जाए।
इसके लिए विस्तृत गतिविधि कैलेंडर तैयार कर प्रत्येक सप्ताह
प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा नशे के दुष्प्रभावों से
परिचित होकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकें। बैठक में छात्र कल्याण अधिष्ठाता के मार्गदर्शन में एनएसएस, यूथ रेड क्रॉस
तथा ड्रग प्रिवेंशन सेल द्वारा तैयार कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। अभियान
के दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामाजिक संदेश से जोड़ते हुए नुक्कड़
नाटक, स्ट्रीट प्ले, स्लोगन लेखन, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, पेंटिंग, जागरूकता रैलियां,
संवाद कार्यक्रम और जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब
देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार होगा। विश्वविद्यालय इस राष्ट्रीय
अभियान को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएगा, ताकि विद्यार्थियों में
न केवल नशे के प्रति जागरूकता बढ़े, बल्कि वे समाज में भी नशामुक्ति का संदेश प्रभावी
ढंग से पहुंचा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

