लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक अपना वोट अवश्य बनवाए: नायब सिंह सैनी

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक अपना वोट अवश्य बनवाए: नायब सिंह सैनी


चंडीगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है और सभी को अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए। उन्होंने मंगलवार को पिंजौर के मानकपुर गांव में आयोजित भाजपा की टिफिन बैठक में बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) और पदाधिकारियों से मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भाजपा की ओर से मंगलवार को प्रदेशभर में शक्ति केंद्रों पर 30 टिफिन बैठकों का आयोजन किया गया। पिंजौर के मानकपुर गांव स्थित देवीलाल कॉलोनी में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने भाग लिया और पार्टी संगठन की मजबूती के लिए बीएलए तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, मंडलाध्यक्ष हरीश मोंगा, जिला उपाध्यक्ष पवन कुमारी, वार्ड पार्षद गुलशन ठाकुर उपस्थित रहे।

सैनी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग के लिए प्रत्येक राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करता है, जो मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में लोगों का सहयोग करते हैं।

इसके अलावा नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना-2 के अनुसूचित जाति के दो लाभार्थियों सरोज और जयंती के घर जाकर उनसे मुलाकात की तथा उनके साथ भोजन भी किया। इन दोनों लाभार्थियों को योजना के तहत पिंजौर मानकपुर गांव में 30-30 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story