बंगाल में चारों तरफ भाजपा की लहर चल रही है: नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल में चारों तरफ भाजपा की लहर चल रही है: नायब सैनी


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बंगाल की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बनाना चाहती है इसलिए बंगाल में चारों तरफ भाजपा की लहर चल रही है। मुख्यमंत्री सैनी मंगलवार को पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान श्रीरामपुर विधानसभा के भाजपा उम्मीदवार का नामांकन भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने श्रीरामपुर विधानसभा के उम्मीदवार के पक्ष में रोड शो कर लोगों से भाजपा के समर्थन में वोट डालने की अपील की। सैनी ने बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में ना रोजगार है, ना किसानों की एमएसपी पर फसल बिक रही है और न ही उचित मूल्य दिया जा रहा है। बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी महिलाओं की सुरक्षा नहीं है। बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने घुसपैठियों को संरक्षण देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में फंसी ममता सरकार स्वंय को साधारण होने का दिखावा करती है लेकिन उनकी सरकार में बड़े-बड़े घोटाले हो रहे है।सैनी ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार गरीब लोगों की भलाई के लिए कार्य कर रही है। भाजपा सरकार ने अब तक 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का कार्य किया है। भाजपा की नीतियों से गरीब व्यक्तियों के जीवन में परिवर्तन आ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story