शहीदों की कुर्बानी को याद करने वाली कौम हमेशा करती है तरक्की : कविंदर गुप्ता
हिमाचल के राज्यपाल ने पंजाब विश्वविद्यालय में किया बुजुर्गों को सम्मान
80वें मीरपुर पतन दिवस पर चंडीगढ़ मीरपुर एसोसिएशन ने किया कार्यक्रम का आयोजन
चंडीगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा है कि जो कौम अपने शहीदों की कुर्बानियों को याद करती है वह हमेशा तरक्की करती है। कविंदर गुप्ता रविवार को पंजाब विश्वविद्यालय के गोल्डन जुब्ली हॉल में मीरपुर (जम्मू-कश्मीर) वैलफेयर एसोसिएशन चंडीगढ़ द्वारा आयोजित 80वें मीरपुर पतन दिवस के अवसर पर बुजुर्गों को सम्मानित करने के बाद मीरपुर के विस्थापितों को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा कि देश की आजदी के समय मीरपुर, तत्कालीन जम्मू-कश्मीर रियासत का एक ऐतिहासिक नगर था, जो आज पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित है। नवंबर 1947 में कबायली हमलावरों के आक्रमण और 25 नवंबर 1947 को मीरपुर के पतन के दौरान हजारों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। अनेक परिवारों को अपना घर-बार छोडक़र विस्थापित होना पड़ा। यह त्रासदी मीरपुर के इतिहास का एक अत्यंत दर्दनाक अध्याय है, जिसकी पीड़ा और स्मृतियां आज भी वहां के लोगों और उनकी आने वाली पीढिय़ों के हृदय में जीवित हैं।
उन्होंने कहा कि अपने पूर्वजों को याद करते हुए बुजुर्गों का सम्मान करना बेहद सराहनीय कार्य है। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने बुजुर्गों की देखभाल एवं सहायता के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन एवं शुभारंभ किया गया। इस टीम का उद्देश्य मीरपुर समुदाय के वरिष्ठ नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध करवाना है।
दूसरी महत्वपूर्ण पहल के रूप में एसोसिएशन के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया। यह प्लेटफॉर्म मीरपुर समुदाय के इतिहास, संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के लिए एक डिजिटल मंच के रूप में कार्य करेगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष रमनीक सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य 1947 की त्रासदी के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा मीरपुर के लोगों के संघर्ष, बलिदान और अदम्य साहस को स्मरण करना था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मीरपुर समुदाय के 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का विशेष सम्मान रहा। इन बुजुर्गों को सम्मानित करके उनके संघर्ष, त्याग, साहस तथा मीरपुर की ऐतिहासिक विरासत और संस्कृति को अगली पीढिय़ों तक पहुंचाने में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया।
इस अवसर पर पंजाब विवि के उपकुलपति डॉ.टंकेश्वर कुमार, हरियाणा महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा रेनु भाटिया के अलावा एसोसिएशन के उपाध्यक्ष युगल महाजन, डॉ. अरुणा कुमारी, महासिचव सुचिन गुप्ता, संयुक्त सचिव मनोज गुप्ता समेत कई गणमान्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

