यमुनानगर:नासा की निवेश योजना के नाम पर करोड़ों की ठगी, पांच के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 12 जून (हि.स.) नासा से जुड़े उत्पादों के विपणन अधिकार और उच्च लाभ के दावों के आधार पर निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाने के कथित मामले में यमुनानगर शहर थाना पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद दर्ज एफआईआर में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराएं शामिल की गई हैं। लक्ष्मी नगर निवासी त्रिलोचन सिंह की शिकायत के अनुसार वर्ष 2022 में उन्हें एक निवेश योजना से जोड़ा गया, जिसमें ग्रीन एनर्जी, कार्बन क्रेडिट और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित परियोजनाओं में निवेश पर आकर्षक प्रतिफल का भरोसा दिया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में जीरकपुर स्थित कार्यालय में आयोजित बैठकों और प्रस्तुतियों के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने दावा किया कि उनके पास नासा द्वारा विकसित बताए गए उत्पादों को कई देशों में विपणन करने के विशेष अधिकार हैं। शिकायत में कहा गया है कि प्रचार सामग्री और विभिन्न सेमिनारों के माध्यम से निवेशकों का विश्वास अर्जित किया गया। इन दावों से प्रभावित होकर शिकायतकर्ता ने अप्रैल 2022 से दिसंबर 2023 के बीच 15 लाख रुपये से अधिक की राशि निवेश की।

आरोप है कि कुछ समय बाद भुगतान बंद हो गया और निवेश की गई धनराशि भी वापस नहीं मिली। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि अन्य कई लोगों से भी बड़ी रकम निवेश के नाम पर ली गई, जिससे कथित वित्तीय अनियमितता का आंकड़ा चार करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया। पुलिस ने शाहाबाद निवासी धीरज सैनी, धर्मवीर वर्मा, डॉ. संदीप चौधरी, रतन त्यागी तथा अमित यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय लेन-देन, निवेश योजनाओं और संबंधित दावों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story