भावनगर-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन को नियमित करने और समय बदलने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
भावनगर-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन को नियमित करने और समय बदलने की मांग


नारनाैल, 04 जून (हि.स.)। दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ ने ट्रेन संख्या 09257/09258 (भावनगर टर्मिनस–शकूरबस्ती–भावनगर टर्मिनस) साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा को नियमित रूप से संचालित करने और इसके समय में बदलाव करने की मांग की है।

संघ की ओर से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार के नाम ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक नारनौल के माध्यम से भेजा गया। संघ की ओर से भेजे गए ज्ञापन की प्रतियां रेलवे के विभिन्न मंडलों को भी प्रेषित की गई हैं, ताकि यात्रियों की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा सके।

संघ के अध्यक्ष गणेश शर्मा ने बताया कि यह रेलसेवा गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रही है। ट्रेन भावनगर, सुरेंद्रनगर, महेसाणा, आबूरोड, मारवाड़ जंक्शन, अजमेर, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम और शकूरबस्ती सहित अनेक प्रमुख स्टेशनों को जोड़ती है, जिससे यात्रियों को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध हो रही है।

संघ की उपाध्यक्ष पूनम फौजदार ने कहा कि विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी तथा पारिवारिक और धार्मिक यात्राओं पर जाने वाले लोगों को इस ट्रेन से विशेष लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रेन के नियमित संचालन से यात्रियों को स्थायी और भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिलेगी।

महासचिव आशीष चौधरी ने बताया कि वर्तमान में इस रेलसेवा को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। ज्ञापन में ट्रेन संख्या 09258 के शकूरबस्ती से प्रस्थान समय को बदलकर शाम 7:10 बजे करने का सुझाव भी दिया गया है। उनका कहना है कि इससे चेतक एक्सप्रेस पर दबाव कम होगा और यात्रियों को यात्रा के लिए एक अतिरिक्त सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story