सिरसा: नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक पहल: यतीद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक पहल: यतीद्र सिंह


सिरसा, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है। यतींद्र सिंह ने सोमवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि यह अधिनियम देश की आधी आबादी को राजनीतिक भागीदारी में सशक्त बनाकर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को और मजबूती प्रदान करेगा।

एडवोकेट यतीद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी देने का जो संकल्प लिया है, वह भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कर देश के विकास में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावशाली बनाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन को सिरसा भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने सरसाई कमल कार्यालय में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से सुना। एडवोकेट यतीद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है और यह अधिनियम उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने जिले की सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश में महिला नेतृत्व को नई दिशा और नई पहचान मिलेगी तथा भारत विश्व पटल पर एक सशक्त और समावेशी लोकतंत्र के रूप में और अधिक सुदृढ़ होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story