सिरसा के नरेश ग्रोवर को मिलेगा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा के नरेश ग्रोवर को मिलेगा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार


सिरसा, 27 अगस्त (हि.स.)। जिले के अध्यापक नरेश ग्रोवर को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उन्हें आगामी पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में हरियाणा के राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा। राज्य पुरस्कार की घोषणा पर गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी ने नरेश ग्रोवर को बधाई देते हुए इसे जिले और शिक्षक समाज के लिए गौरव का विषय बताया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक सेवा, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उनके प्रयास सराहनीय एवं प्रेरणादायक हैं।

नरेश ग्रोवर ने अपने 34 वर्षों के शिक्षण अनुभव में लगभग 12 वर्ष निजी विद्यालयों तथा 22 वर्ष राजकीय विद्यालयों में सेवाएं दीं।

उनके शिक्षण जीवन की शुरुआत सिरसा के निजी विद्यालयों से हुई। इसके बाद उन्होंने राजकीय विद्यालयों में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं। उनकी प्रथम राजकीय नियुक्ति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नागोकी में हुई। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय, सिकंदरपुर, राजकीय उच्च विद्यालय, शेखूपुरिया तथा वर्तमान में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बुप्प, सिरसा में अपनी सेवाएं दीं।

नरेश कुमार ग्रोवर ने अध्यापन को केवल नौकरी न मानकर इसे समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। शिक्षण के साथ उन्होंने स्काउटिंग, एनएसएस, पल्स पोलियो अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जनगणना, चुनाव संबंधी गतिविधियों तथा विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई। सामाजिक हित के विभिन्न विषयों को लेकर उन्होंने रैलियों एवं जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। मानव सेवा के क्षेत्र में उन्होंने 37 बार रक्तदान कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में भी नरेश ग्रोवर का योगदान उल्लेखनीय रहा है। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के माध्यम से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्होंने पांच बार विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी शिक्षण शैली में नवाचार की विशेष भूमिका रही है। वे विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर गतिविधि आधारित, प्रयोगात्मक एवं नए-नए तरीकों से सीखने के अवसर प्रदान करते रहे हैं। अध्यापक ग्रोवर की ईमानदारी, समय की पाबंदी, अनुशासन, कार्य के प्रति लगन और प्रत्येक जिम्मेदारी को रुचि एवं समर्पण के साथ पूरा करने की भावना सदैव प्रेरणादायक रही है। विद्यालय समय से पहले पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।

5 सितंबर 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में महामहिम राज्यपाल द्वारा नरेश कुमार ग्रोवर को सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि उनके परिवार, विद्यालय, सिरसा जिले और समस्त शिक्षक समाज के लिए गौरव का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story