नमो भारत ट्रेन काे करनाल तक लाने के लिए सर्वे शुरू

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। भारत सरकार द्वारा दिल्ली-पानीपत रूट पर चलाई जाने वाली नमो भारत ट्रेन का विस्तार किया जाएगा। इस ट्रेन को करनाल तक बढ़ाए जाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। करनाल तक ट्रेन आने से दिल्ली रूट पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दैनिक यात्रियों का इसका लाभ मिलेगा।वर्तमान में हरियाणा के लिए कई महत्वपूर्ण कॉरिडोर स्वीकृत और प्रस्तावित हैं, जिन पर काम चल रहा है। इस रूट को हरियाणा सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। यह दिल्ली से शुरू होकर सोनीपत, गन्नौर, पानीपत और आगे करनाल तक जाएगा।

केंद्र सरकार की ओर से की गई पहल के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने रूट का सर्वे भी कराना आरंभ कर दिया है। सर्वे रिपोर्ट के आने के बाद एनसीआरटीसी रिपोर्ट केंद्रीय शहरी आवासन मंत्रालय और हरियाणा सरकार को भेजेगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वर्ष 2041 के प्लान के अनुसार दिल्ली से पानीपत-अंबाला हाईवे पर भविष्य में ट्रैफिक दबाव बढ़ेगा। अभी प्रतिदिन इस हाईवे पर डेढ़ से करीब दो लाख वाहन आते-जाते हैं। वाहनों की संख्या भी करनाल तक अधिक होती है। इस हाईवे से औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी बात को देखते हुए दिल्ली से पानीपत तक नमो भारत ट्रेन के रूट को विस्तार करने की योजना बनाई गई है। अभी दिल्ली से ही पानीपत तक ही यह योजना स्वीकृत हुई है, जिसके लिए केंद्र सरकार के बाद हरियाणा सरकार भी सैद्धांतिक अनुमति दे चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story