कैथल: माई भारत क्विज’ में 300 विद्यार्थियों ने परखी देश के इतिहास व संविधान की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: माई भारत क्विज’ में 300 विद्यार्थियों ने परखी देश के इतिहास व संविधान की जानकारी


कैथल, 10 अगस्त (हि.स.)। विद्यार्थियों को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन, भारतीय संविधान और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को कैथल में ‘माई भारत क्विज’ की ब्लॉक स्तरीय परीक्षा आयोजित की गई। सांसद नवीन जिंदल के फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया और शिक्षा विभाग कैथल के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित परीक्षा में 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

परीक्षा में विद्यार्थियों से भारतीय इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संविधान, राष्ट्रीय ध्वज तथा देश से जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लेते हुए सामान्य ज्ञान और देश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की अपनी समझ का प्रदर्शन किया। परीक्षा में शामिल सभी विद्यार्थियों को फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से प्रतिभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सांसद नवीन जिंदल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिंदल की पहल पर आयोजित ‘माइ भारत क्विज’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र, संविधान और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में आयोजित ब्लॉक स्तरीय परीक्षाओं में कुल 700 विद्यार्थियों ने भाग लिया है।

उन्होंने बताया कि क्विज के परिणाम के आधार पर 21 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को देश के पहले संविधान संग्रहालय के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर मिलेगा। इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र भारत की संवैधानिक यात्रा को करीब से समझने का अवसर प्राप्त होगा। रविंद्र धीमान ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें देश के इतिहास, संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों से जोड़ना है। ‘माइ भारत क्विज’ विद्यार्थियों में जिज्ञासा, जागरूकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा, उपाधीक्षक प्रवीण थरेजा, प्रतियोगिता के जिला प्रभारी कुशल कुमार, विनोद आर्य, रमन कुकरेजा, सतीश जांगड़ा, कलायत प्रभारी विरेंद्र सारन, पूंडरी प्रभारी अरविंद गोलन, सुमित गोयत और सिलेंदर कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story