जींद : जमीनी दस्तावेजों में छेड़छाड़ पर नायब तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी पर एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
जींद : जमीनी दस्तावेजों में छेड़छाड़ पर नायब तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी पर एफआईआर


जींद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने गांव रजाना खुर्द में जमीन के दस्तावेजों तथा रिकार्ड से छेड़छाड़ करने पर तत्कालीन नायब तहसीलदार, कानूनगो, राजस्व विभाग के पटवारी व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, रिकार्ड से छेड़छाड़ करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

गांव रजाना खुर्द निवासी लाभ सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका खेवट अलग करने तथा इंतकाल का मामला हिसार कमीशनर के समक्ष लंबित है। जिस पर स्टे जारी किया हुआ था। बावजूद इसके इंतकाल किया गया। मामला पूर्व मे मामला तहसीलदार पिल्लूखेड़ा, सफीदों, जिला मुख्यालय राजस्व अदालतों मे चला है। जमीन के पूर्व रिकार्ड तथा जमाबंदी 2024 तथा 2025 राजस्व विभाग के रिकार्ड में काफी भिन्नता है। जिसमें पुरानी खेवट 285 को खेवट संख्या 319 तथा 320 में बदल दिया गया। विभाग के लिखित तथा इलेक्ट्रोनिक रिकार्ड में भी छेड़छाड़ की गई है। राजस्व विभाग के न्यायालय जमाबंदी तथा उसकी रिपोर्ट में तथ्य छेड़छाड़ को साफ दर्शाते हैं।

तत्कालीन नायब तहसीलदार रणबीर सिंह, कानूनगो सुरेश कुमार तथा पटवारी रविदत्त ने अन्य लोगों के साथ मिलीभगत कर राजस्व विभाग के जमीन से संबंधित रिकार्ड के साथ छेड़छाड़ की है। मामला परिवेदना समिति की बैठक में भी उठा था। जिस बैठक की अध्यक्षता कर रहे मंत्री गौरव गौतम ने जांच के आदेश दिए गए थे। जांच में राजस्व विभाग के रिकार्ड में छेड़छाड़ होना पाया गया। रविवार को जानकारी देते हुए पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने लाभ सिंह की शिकायत पर पिल्लूखेड़ा के नायब तहसीदार रणबीर सिंह, कानूनगो सुरेश कुमार तथा पटवारी रविदत्त को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, राजस्व विभाग के रिकार्ड से छेड़छाड़ करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story