सोनीपत: शराब के नशे में पति ने पत्नी की कस्सी-कुदाल से हत्या की
सोनीपत, 26 सितंबर (हि.स.)। मोहाना थाना क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में घरेलू विवाद के दौरान पति ने
32 वर्षीय पत्नी की कस्सी और कुदाल से वार कर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी
के बीच 100 रुपये को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी ने
अपने 10 वर्षीय बेटे को डरा कर उसकी मां की हत्या का आरोप मामा पर लगाने को कहा। बाद
में बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां की हत्या उसके पिता ने की है।
जानकारी
के अनुसार बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली राजवंती अपने पति नरेश और दो बच्चों
के साथ करीब 15 दिन पहले गांव रहमाना निवासी राजेंद्र के खेत में बने ट्यूबवेल के कोठरे
में रहने आई थी। परिवार आसपास के खेतों में मजदूरी करता था। उनके साथ 10 और 5 वर्ष
के दो बच्चे रहते थे। राजवंती का भाई भी उनके साथ था।
पुलिस
के अनुसार रात करीब नौ बजे नरेश, राजवंती और उसका साला बैठकर शराब पी रहे थे। कुछ देर
बाद साला दूसरे कमरे में चला गया। इसके बाद पति-पत्नी में 100 रुपये को लेकर कहासुनी
हो गई। बताया जा रहा है कि राजवंती ने घर का सामान लाने के लिए नरेश की जेब से 100
रुपये निकाले थे। विवाद बढ़ने पर नरेश ने कोठरे में रखी कस्सी से पत्नी पर हमला कर
दिया। इसके बाद कुदाल से भी वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
मौके
पर राजवंती के सिर और गर्दन पर कस्सी के वार के निशान तथा पेट पर कुदाल से चोट के निशान
मिले। शव के पास चूल्हे के नजदीक आटा भिगोने की परात और आधी भरी लस्सी की बोतल मिली।
खेत में कुछ दूरी पर देसी शराब की दो खाली बोतलें पड़ी थीं। कमरे में कच्चा मांस भी
मिला, जिसे रात में पकाने की तैयारी थी।
वारदात
के बाद नरेश ने बेटे से मामा का नाम बताने को कहा। पुलिस ने बच्चों से अलग-अलग पूछताछ
की तो बेटे ने पिता को आरोपी बताया। पुलिस ने महिला के भाई से भी पूछताछ की। उसने बताया
कि वह रात करीब नौ बजे कोठरे से चला गया था। पुलिस
पूछताछ में नरेश ने दावा किया कि पहले उसकी पत्नी ने उस पर हमला किया था और उसके शरीर
पर नाखून के निशान हैं। पुलिस उसके दावे की भी जांच कर रही है।
सरपंच
प्रतिनिधि सोनू ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे खेत मालिक राजेंद्र ने कोठरे में महिला
की हत्या की सूचना दी। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। मोहाना थाना पुलिस मौके पर
पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शनिवार को एसीपी
देवेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा
रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार
पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

