कैथल: शराब पीने के दौरान विवाद में मजदूर की चाकू घोंपकर हत्या का आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 27 अगस्त (हि.स.)। पूंडरी थाना क्षेत्र के गांव बरसाना में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक मजदूर की चाकू घोंपकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार काे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के शेरोपट्टी वार्ड नंबर-3 निवासी विजय साहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गांव बरसाना निवासी सोहन लाल ने शिकायत में बताया कि उसके खेत में कोठा, ट्यूबवेल और बरामदा बना हुआ है, जहां बिहार से मजदूरी करने आए श्रमिक रहते हैं। इनमें रंजीत साहनी, मनोज दाश, अभिमन्यु साहनी, विजय साहनी और सुबोध साहनी शामिल थे। 24 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे सोहन लाल खेत में फसल देखने पहुंचा। उस समय सभी मजदूर आपस में बैठकर शराब पी रहे थे। सुबोध साहनी और विजय साहनी अलग बैठे थे। शराब पीने के दौरान पत्नी के बारे में गलत बाेलने पर आराेपी काे गुस्सा आ गया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों एक-दूसरे को थप्पड़-मुक्के मारने लगे। इसी दौरान विजय साहनी ने अपने पास रखे चाकू से सुबोध साहनी की छाती पर वार कर दिया। चाकू लगते ही सुबोध जमीन पर गिर गया। उसके शोर मचाने पर आरोपी चाकू लेकर जीरी की फसल के बीच से फरार हो गया। खेत में मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला।
घटना की सूचना गांव के सरपंच और अन्य लोगों को देने के साथ पुलिस को भी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचने पर सुबोध साहनी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुंडरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। थाना पूंडरी प्रभारी इंस्पेक्टर शिवकुमार के नेतृत्व में एसआई संजय कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए विजय साहनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब पीने के दौरान सुबोध साहनी ने उसकी पत्नी के बारे में कथित तौर पर गलत शब्द कहे और गाली-गलौज की। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और उसने चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

