फतेहाबाद: युवक की हत्या मामले में दो होमगार्ड कर्मी सस्पेंड

WhatsApp Channel Join Now

फतेहाबाद, 16 मार्च (हि.स.)।

शहर के गुरूनानकपुरा मोहल्ले में रविवार रात को हुई युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में घटना के समय मौजूद होमगार्ड के दो जवानों को निलंबित कर दिया गया है।

इस घटना में शामिल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी संजय बिश्नोई के नेतृत्व में चार टीम गठित की गई है। मर्डर की इस घटना की सोमवार को एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

फुटेज में दिख रहा है कि कार में सवार युवक आकर पहले झगड़ा करते हैं और बाद में चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मौके से फरार हो जाते हैं। हैरानी की बात यह है कि इस दौरान नाके पर दो होमगार्ड जवान खड़े भी दिखते हैं, लेकिन वह झगड़े को रोकने की कोशिश करते नहीं नजर आ रहे हैं।

कुछ ही दूरी पर पुलिस कर्मचारियों की मौजूदगी में हुए इस मर्डर के बाद गुरूनानकपुरा में पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा प्रबंधों पर एक बार फिर सवाल खड़ा हो गया है, क्योंकि नशे के गढ़ के रूप में मशहूर गुरूनानकपुरा में पुलिस द्वारा विशेष नाके लगाए गए हैं। इस मामले में एसपी सिद्धांत जैन ने कार्रवाई करते हुए दोनों होममार्ड को निलंबित कर दिया है वहीं आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार टीमों का गठन किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय संदीप कुमार के माता-पिता सिरसा में रहते हैं जबकि वह अपने नाना-नाना के पास फतेहाबाद के गुरूनानकपुरा में रहता था।

मृतक के उसके मामा काका सिंह और मामी सुनीता ने बताया कि संदीप चार बहनों व दो भाईयों में सबसे छोटा था। वह बचपन से ही उनके पास रहता था। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि गुरुनानकपुरा मोहल्ले की गली में नाका लगा हुआ है, जिस पर दो होमगार्ड जवान तैनात है। इस नाके के पास स्थित घर के बाहर एक कार आकर रुकी।

इस कार में सवार एक युवक नीचे उतरकर संदीप उर्फ दीपा से झगड़ा करता है। फिर भीड़ इकट्ठी हो जाती है। इस दौरान तैनात दोनों होमगार्ड एक बार उनकी तरफ जाते हैं, फिर आकर दीवार के पास खड़े हो जाते हैं। एक होमगार्ड जवान फोन पर बात करता है। इसी बीच संदीप अपने घर में जाकर डंडा लेकर आता है। कुछ ही पलों बाद हमलावर संदीप पर चाकू से वार कर देते हैं। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों में से एक युवक भागता हुआ नजर आता है। हादसे में घायल युवक को गंभीर हालत में तुरंत फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, संदीप पर पांच केस दर्ज हैं। इनमें नशा बेचने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत जबकि बाकी चोरी, लड़ाई-झगड़े के आरोप में दर्ज हैं। वह जेल भी काट चुका था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

Share this story