हिसार : छात्र हत्याकांड: नाबालिग दोस्त पर हत्या का केस, परिजन पहुंचे थाने

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : छात्र हत्याकांड: नाबालिग दोस्त पर हत्या का केस, परिजन पहुंचे थाने


लाइसेंसी पिस्तोल व कारतूस कब्जे में लिए, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच व सख्त

कार्रवाई की मांग

पुलिस ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट कर जुटाए साक्ष्य

हिसार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के कस्बे मंडी आदमपुर की शिव कॉलोनी में

12 वर्षीय छात्र दैविक गोयल की गोली लगने से मौत के मामले में बुधवार को मृतक के परिजन

और बड़ी संख्या में लोग आदमपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात

कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस

ने मृतक के पिता रवि गोयल की शिकायत पर उसके नाबालिग दोस्त के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

किया है। बुधवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट करवाया और सीन ऑफ क्राइम टीम

ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई 32 बोर की लाइसेंसी

पिस्तौल और कारतूस भी कब्जे में लिए हैं।

बुधवार सुबह आदमपुर थाना प्रभारी हरिश चंद्र शर्मा, सीन ऑफ क्राइम टीम की इंचार्ज

डॉ. पूनम कत्याल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ ओमप्रकाश शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने

बंद कमरे को खुलवाकर निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, वारदात

में इस्तेमाल की गई पिस्तौल अलमारी में रखी मिली। यह पिस्तौल नाबालिग के पिता गौतम

सुथार की लाइसेंसी बताई गई है। पुलिस ने पिस्तोल और कारतूस कब्जे में लेकर जांच शुरू

कर दी है।

आदमपुर थाना प्रभारी हरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर सीन

रीक्रिएट करवाया है। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने दैविक पर गोली चलाने की बात स्वीकार

की है। पुलिस घटना के कारणों, गोली चलने की परिस्थितियों और हथियार से जुड़े सभी पहलुओं

की जांच कर रही है।

मामले में मृतक के पिता रवि गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका

बड़ा बेटा दैविक 12 वर्ष और छोटा बेटा अक्षत 10 वर्ष का था। दोनों आदमपुर के एक निजी

स्कूल में पढ़ते थे। इसी स्कूल में गांव शेखपुर दड़ौली निवासी गौतम सुथार का बेटा भी

पढ़ता है, जो फिलहाल शिव कॉलोनी में किराये पर रहता है। दोनों सातवीं कक्षा के विद्यार्थी

थे और उनके बीच दोस्ती थी।

रवि गोयल के अनुसार, मंगलवार शाम नाबालिग उनके घर आया था। दोनों दोस्तों को

17 अक्टूबर को स्कूल की ओर से शिमला टूर पर जाना था। कपड़ों की पैकिंग करने के बाद

शाम करीब छह बजे नाबालिग दैविक को पैकिंग करवाने के बहाने अपने साथ शिव कॉलोनी स्थित

घर ले गया।

जानकारी के अनुसार, घटना से करीब एक घंटा पहले दोनों छात्र बस स्टेंड रोड स्थित

एक मोबाइल दुकान पर टूर के लिए किराये पर मोबाइल लेने पहुंचे थे। दुकानदार ने उन्हें

मोबाइल किराये पर देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों वहां से चले गए। शिकायत के

अनुसार, कुछ देर बाद नाबालिग के घर से दैविक की मां सारिका देवी के पास फोन आया कि

उनके बेटे को गोली लग गई है। मौके पर पहुंचने पर दैविक जमीन पर घायल अवस्था में पड़ा

मिला। परिजन उसे पहले आदमपुर और फिर एंबुलेंस से हिसार के नागरिक अस्पताल ले गए, जहां

चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रवि गोयल ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनके बेटे

को गोली मारी गई। उन्होंने घटना के समय नाबालिग, उसके बड़े भाई और मां सुनीता के वहां

मौजूद होने की बात भी कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761002 Articles

Share this story